Thursday, November 1, 2012

जागो रे ....!!!




इस घने अँधेरे में
अपने रोम रोम से

पुकारता हूँ....
 अपने ही आप को

सकल ज्ञानेन्द्रियों को
जाग्रत करने पर भी
उतना नहीं भाग सकता हूँ

जितना सरपट...
 तुम भागते हो


खैरात की...
 बैसाखियों के सहारे

और लांघ जाते हो
कुहासे के उस  पार
जहाँ छद्म जिजीविषा का
सतरंगी सूरज

अभिनन्दन करता है....
 तुम्हारा

और तुम ..
विजयी मुस्कान से
आसीन हो जाते  हो
पक्षपात के सिहांसन पर
जिसे

सामाजिक न्याय का..
 नाम देकर

कुछ लुटेरे सेंकते हैं
प्रजातंत्र के  अलाव में

वोटों की 
आढ़ी तिरछी  रोटियां


 मेरा सारा आक्रोश...
 कैद हो जाता है

बंद बाजुओं में

और...
 ब्यवस्था परिवर्तन  के नाम पर ....


छद्म  नारों  की..
 तुम्हारी खर  पतवार 
उगाती है   
एक खोखली  पराजित मुस्कान


मेरे विवश अंतस में...
अंकुरित हो रहा है 

एक  क्रांति पल्लव ओर 
धीरे धीरे ..
टुकड़ों में बंट रही  है आस्था

 तुम हो कि  सोये हो
भेदभाव पूर्ण भ्रम के..
 उस कुम्भकर्णी जाल में

जहाँ धीरे धीरे सरक रही है 

एक मकड़ी ...
 तुम्हे  लीलने को .......

श्रीप्रकाश डिमरी जोशीमठ सितम्बर ५, २०१२
फोटो साभार  गूगल 

Saturday, October 20, 2012

जीवन पथ ....

देहरादून/ दून घाटी  मुसूरी  मार्ग से मेरे द्वारा  खींची गयी  तस्वीर 



मुक्ति मार्ग की  इस उलझन में 
क्षणभंगुर  यौवन  घर में
बंजारे  का कौन ठिकाना
दूर बहुत है  मुझको जाना,,,,,,

........................................
खेल खिलौने  मीत सलोने 
रूठे पल छिन  सावन झूले

सागर मे भरी सीपें जितनी

भूली बिसरी यादे  कितनी ??
........................................

तारों भरी वो रात सुहानी
ना जाने फिर कब हैं  आनी..
आँख   से बहता  झरझर  पानी
  गुजर गयी कब  रात सुहानी    ??
..................................................

जन्म  मृत्यु अंतहीन कहानी  
सृष्टि चक्र  की  बात पुरानी
आँखों मे जी भरकर  भरलूं
प्रियतम  तेरी  छवि  सुहानी  !!
......................................................

शास्वत चलते  काल चक्र में 
थके पथिक  का   क्या भरमाना

अंतर्मन  का सूर्य अस्त  हो 
  कल जाने  फिर कब हो आना ??
दूर बहुत है मुझको जाना ....
......................................................

श्रीप्रकाश डिमरी  जोशीमठ  उत्तराखंड भारत 
१८  अक्टूबर  २०१२  फोटो साभार  गूगल....



Friday, October 5, 2012

वो सुबह ...!!!




 मुझे अब भी  याद है
बचपन की  वो सुबह ...
जब  ऑफिस जाने से पहले...
पिता के साथ ...
 हरी दूब में....
 मेरी स्वछंद किलकारियां
उनकी आँखों में स्वप्नों  के असंख्य 
महासागर  बुनती थी ..
और रात गए माँ के आँचल में ..

लुका  छिपी करती  

मेरी  निंदिया
 मुस्कुराती  माँ  की   बिंदिया...  ...
मेरे माथे  को सहलाती...
 माँ की   अंगुलियां.........
बहुत सुहाती थी ..
थके कंधे पर ..
अब भी  महसूस होता है..
 बचपन को  बेगार   करते ..
उस भारी बस्ते का  बोझ..

और विश्वास में  उनके...  

तब तक..हिलते 
दो जोड़ी हाथ..
जब तक  मेरी भोली आस्थाएं ..
स्कूल की  सीडियां
 न  लांघ  जाती थी ..
उन सीडियों  से ...
 इस ड्योढ़ी  तक ...

पहुँचते पहुँचते.......

 मेरा अस्तित्व
मेरी ज्ञानेन्द्रियों के .
 अथक  प्रयत्न के बाद भी
 ब्यवस्थाओं की बैसाखी  थामे
 तुम्हारे  अस्तित्व से कोसो दूर है ... 
अब थके हारे मेरे .. 
सारे युवा स्वप्नों के भग्नावेश
पिता के पीले उदास   चेहरे  की...
 झुर्रियों में  अंकित हो गए हैं ..
विकास  के इस क्रम  में ???
वो दिन के बुढाए ..
 शाम  का सूरज से  हो गए हैं  ..
आस्थाओं की  डोर ...
 भरभरा कर  टूट गयी  है ....
उनकी स्याह   आँखों... से ...
 बहता है निरंतर...

 एक विवश आक्रोश ...

अब नहीं बुनती  हैं वो 
सपनो के  सुनहरे तार ..

सोचता हूँ क्या ढूँढ सकूंगा ??

उनकी  आँखों  में विलुप्त ...
उन असंख्य  महासागरों को ..

क्योंकि...

मुझे  अब भी याद है....

बचपन कि वो सुबह.....

जब पिता के साथ......



श्रीप्रकाश  डिमरी  देहरादून  उत्तराखंड  १९८४
मेरी  डायरी के अंश  

Saturday, May 19, 2012

विवशता

image
नहीं याद कि ..
कब की बात है
उस दिन ...
अम्मा ने थामा था
मेरा हाथ ..
और सपनों की  तरह टूटे
एक स्कूल के सामने ..
ठेकेदार से कराया था
मेरा साक्षात्कार
और मिल गयी ..
विवस ...
विरासत मुझे ....
भाग्य की लकीरों
को पत्थर की तरह
समय  की  हथौड़ी से निरंतर
तोड़ने  ......
और भेड़ियों भरे जंगल में
फटे चिथड़ों में जवान होने की ...
उस दिन ...
एकायक लगा ....
किस्मत हो गयी मेहरबान ..
जब एक ....
टिन के पत्तर से बने...
घर नुमा आकृति में
मैं हो गयी दाखिल ...
लगा कि ...
पिया संग मिल गयी
मुझे मेरी मंजिल.......
पर सपनो के वहाँ भी
हो गए तार तार ....
अब दिन भर खून को
पसीने में बेचकर लायी ...
भीगी कागज़ सी ( )
मेरी सहमी हुई भूख को
शराब में डूबा सांप ....
हर रोज डस जाता है ..
रात भर फुफकारता ..
बच्चों को जगा कर
सुबह खुद सो जाता है
मेरी बेबसी पर ..
बेरहम चाँद भी ...
बेशर्मी से मुस्कुराता है ...
और तपती दोपहरिया में ..
सूरज भी मुह चिडाता है ..
मुझे ..
अब नहीं लुभाते..
स्कूल जाते...
माता पिता का ...
दुलार पाते बच्चे ...,
सफ़ेद पोश किसी गुड्डे के
मजदूर दिवस जिंदाबाद के नारे
या रेशम की साडी में लिपटी ..
किसी गुडिया के ..
महिला ससक्तिकरण के मीठे बोल ..
कंक्रीट के ढेर से ऊँचे
उम्र के इस पड़ाव पर भी
मेरे तनहा तनहा से..
इस अंतहीन श्रम को ..
कतई ...नहीं देना है विराम ...
निरंतर.. ठक..ठक ..ठक ..ठक ..
समय  की  हथौड़ी से ..
करते जाना है अविराम ...
.............................
भाग्य  की  लकीरों
को पत्थर की  तरह
पीटने का काम ......
 
स्वरचित .....श्रीप्रकाश डिमरी
श्रीनगर /आम्र कुञ्ज उत्तराखंड २९ मई २०१०
अक्सर अपने आस पास ये सब दिखाई देता है..जब मैं विद्यार्थी था..तब अपने घर के पीछे एक नव निर्माणाधीन कॉलोनी में ऐसी ही एक महिला श्रमिक से सामना हुआ था जिसका पति उसकी दिन भर की मेहनत के पैसे शराब में उड़ा देता था मारता पीटता था......कैसी विडम्बना है.... कई वर्षों बाद ऐसा ही कुछ दिखाई दिया .स्मृति पटल में कैद मनोभाव आकार लेने लगे चंद पंक्तियाँ बनकर छलक आये .....

Sunday, November 27, 2011

सांझ !!!!.....

image    
       सांझ !!!!.....
सांवली सूरत मोहनी मूरत
स्वर्ण रथ पर बैठी
पश्चिम पथ पर जाती
विहगों को हर्षाती
कलरव गीत गवाती
नीड़ों में लौटाती ......
..............................................
दूर क्षितिज के संधि पट पर
नीलित नभ के सुकुमार मुख पर
नित नटखट अल्हड बाला सी
लाल गुलाल मल कर छिप जाती
................................................
और कहीं दीपों के कोमल उर में
मुस्कानों के पीत पुष्प खिलाती
वन उपवन धरा के छोर को
अपने श्यामल आँचल में छुपाती
....................................................
कहो प्रिये !!!
फिर कब आओगी ???
कजरारी आँखों से...
मंद मंद मुस्काती ...
थके पथिक को लुभाती ..
आलौकिक मंगल गीत गाती ...


श्रीप्रकाश डिमरी जोशीमठ उत्तराँचल  भारत २०१०
हे प्रभु !!जीवन  के  सुहाने  दिवस  के  बाद सांझ  भी उतनी ही  सुन्दर सलोनी हो !!!

Saturday, October 1, 2011

मेरी वसुंधरा ....!!!

Earth

प्रिये !!
तुम्हारे मुझसे
रूठ जाने के बाद
सूने अनंताकाश में
तकता हूँ
सांझ के
उस झिलमिल तारे को
जो चाँद की इन्तजार में
जार जार रोते ..
कब का सो चूका है
तुम जहाँ....
सांझ का दीप जलाती थी
वहाँ खड़ा...
मुंह बाए मौन ओसारा
वहीँ ....
मिटटी में दबे आलता लगे...
तुम्हारे
कदमो के निशान
वहीँ ..
खेतों की  मेंढ पर ..
तुम्हारी
पायल सी हंसी
ओर...
सरसों के पीले फ़ूलों सा
तुम्हारा...
लकदक लहराता आँचल
साँझ सबेरे ...
अब भी
पुकारते हैं तुम्हारा नाम

तुम ही...
हाँ तुम ही ...
निहारिकाओं की ...
सुन्दरतम नारी…..
असंख्यों स्मृतियाँ हैं
मेरी ओर तुम्हारी
आह ! प्रिये !
अवसान की इस नीरव बेला पर

तुम मुझसे क्यों रूठ गयीं ???
लिये पुष्पों के इन्द्रधनुषी हार
क्यों नहीं आई तुम..???
मेरे
ह्रदय द्वार ..
...................................

डबडबाई आँखों

और
डूबते दिल से
तुमसे पूछता हूँ ..


कि सदियों बाद ..
जब में लौट कर..आऊंगा
अँधेरे पहाड़ों की..
उसी घाटी से ..

जहां तुम्हारे और मेरे ..
नेह की उषा का
पहला पहला..
नारंगी सूरज खिला था...
अपनी तुतलाती आवाज में..
फिर पुकारूँगा तुम्हारा नाम !!!

तो क्या तब ..
तुम दिखाओगी मुझे ..??
वही ...................
कोयल की अदना सी...
कूक से भरा
मुट्ठी भर जंगल
हथेली भर.....
सरसों के
मुस्कुराते पीले फूल
बच्चों की ...
छेड छाड से
घूंघट में शर्माती
लाजवंती की
स्निग्ध मुस्कान

मेरी वसुन्धरे ...!!!
जड़वत यूँ ....
क्यों निशब्द तुम खड़ी हो ??
अपने मधुरिम अधरों का *..

अब तो खोलो मौन ??
*आह !!!
आकाश गंगा के ...
नीरव तट पर
इसका उत्तर देगा कौन ???





श्रीप्रकाश डिमरी जोशीमठ २५ सितम्बर २०११
कभी कभी  अपने  आपको जीवन  रूप  में   अस्तित्व  में आने  की  जिजीविषा  में   आकाश गंगाओं  में  लाखों प्रकाश  वर्ष  दूर ..संघर्ष रत   पाता हूँ .स्वयं  जीव  रूप  में जहाँ तक  नजर  जाती  है जीवन के  लिये  अनुकूल परिस्थितयां  प्रदान  करने  वाली   दयामयी  
हमारी पृथ्वी  निहारिकाओं  में   सबसे  सुन्दर  है ..इसको  ऐसे  ही शास्वत  सुन्दर  बनाये  रखें ..हम..
फोटो साभार गूगल 

Tuesday, September 27, 2011

सभी मित्रों का हार्दिक अभिनन्दन !!!


















अभिनन्दन !!!.....
शब्दों की सीमा है..
प्रेम भवसागर अनंत....
नेह की पतवार ले..
तुम आये खेवन हार ..
कुसुमित नव पल्लवित
नव पुष्प शोभित...
अनंत नेह हार ..
स्वागत हे !
प्रेम पथिक..
भावों के इस ह्रदय द्वार..
कोटि कोटि अभिनन्दन ..
शुभ कामनाएं अनंत ..
कीजिये स्वीकार ....
....श्रीप्रकाश डिमरी ....